कर्णप्रयाग उप जिला अस्पताल में बहु विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 198 मरीजों की हुई मुफ्त जांच व इलाज।
चमोली: सेवा, सुशासन एवं समर्पण संकल्प के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल के निर्देशन में उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में दो दिवसीय बहु विशेषज्ञ निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के प्रथम दिन कुल 198 मरीजों (78 पुरुष व 120 महिलाएं) की जांच कर निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर के दौरान विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवा के अंतर्गत 13 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व (ANC) जांच हुई, जबकि 2 किशोरियों को माहवारी परामर्श व एचपीवी (HPV) टीकाकरण की सुविधा दी गई। जांच सेवाओं के तहत 82 एक्स-रे, 32 अल्ट्रासाउंड, 8 ईसीजी, 61 रक्तचाप और 19 मधुमेह की जांचें की गईं। वहीं, लैब में 106 मरीजों के एलएफटी, केएफटी, आरएफटी व लिपिड प्रोफाइल टेस्ट हुए।
कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए 17 मुख कैंसर, 3 सर्वाइकल कैंसर और 2 स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही 12 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग हुई। डिजिटल स्वास्थ्य से जोड़ते हुए 8 लोगों की आभा (ABHA) आईडी व 2 आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। सीएमओ डॉ. राजीव सिंह पाल ने बताया कि 7 अगस्त को भी शिविर जारी रहेगा और उन्होंने स्थानीय लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निशुल्क सेवा का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में सर्जन डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. अंकित भट्ट, डॉ. हरीश थपलियाल, डॉ. सत्येंद्र कंडारी, डॉ. ऊमारानी शर्मा, डॉ. सीमा सिंह व डॉ. अल्का नेगी ने अपनी सेवाएं दीं।



