बजीरा में निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित: 102 मरीजों की जांच व चश्मे वितरित।
20 मरीजों का ऋषिकेश में होगा मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन।
विकासखण्ड जखोली की ग्राम पंचायत बजीरा में गुरुवार को निर्मल आश्रम नेत्र इंस्टीट्यूट (एनईआई) ऋषिकेश के तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 102 ग्रामीणों का नेत्र परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार नि:शुल्क चश्मे और दवाइयां वितरित की गईं।
ग्राम प्रधान विजया पुण्डीर ने बताया कि जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित 20 मरीजों की पहचान की गई है। इन सभी मरीजों का ऋषिकेश स्थित निर्मल नेत्र चिकित्सालय में संस्था की ओर से पूर्णतः निःशुल्क ऑपरेशन व सर्जरी कराई जाएगी। मरीजों की सुविधा के लिए संस्थान द्वारा ऋषिकेश ले जाने-ले आने हेतु निःशुल्क वाहन व्यवस्था के साथ-साथ रहने और खाने की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी। ग्राम प्रधान ने ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्मल आश्रम नेत्र संस्थान का विशेष आभार जताया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सरोजनी देवी, नागेन्द्र इंटर कॉलेज बजीरा के प्रबंधक भगतसिंह पुण्डीर, सेवानिवृत्त शिक्षक राजेन्द्र सिंह नेगी, बलवीर सिंह राणा, कलम सिंह, उत्तम सिंह राणा, शिव सिंह, नरेन्द्र सिंह, दिलवरी लाल, भगत सिंह रावत और पूरण सिंह राणा सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


