श्री बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण।
SIT के हत्थे चढ़ा तीसरा अभियुक्त, जेपी कंपनी का सुरक्षाकर्मी गिरफ्तार।
प्रसिद्ध धाम श्री बद्रीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ करते हुए चढ़ावे और दान सामग्री की चोरी करने वाले गिरोह पर चमोली पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए मामले के तीसरे अभियुक्त मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जेपी पावर वेंचर्स लिमिटेड (लामबगड़ बैराज, जोशीमठ) में सुरक्षाकर्मी के पद पर तैनात है। उसे कंपनी के उच्च अधिकारियों के अतिथियों व रिश्तेदारों को बद्रीनाथ धाम में वीआईपी दर्शन कराने की जिम्मेदारी दी जाती थी, जिसका फायदा उठाकर वह चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
उल्लेखनीय है कि 8 जुलाई को बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की शिकायत पर कोतवाली बद्रीनाथ में धारा 306 व 316(5) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी महादेव प्रसाद उनियाल के नेतृत्व में बनी SIT ने जून माह की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में अभियुक्त थाली भेंट गणना कक्ष से दान सामग्री जेब में रखता हुआ रंगे हाथों कैद हुआ। पूर्व में इस मामले में मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल और पूर्व कर्मचारी राजेंद्र चौहान को जेल भेजा जा चुका है।
SIT की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी के लामबगड़ स्थित आवास से पुलिस ने चोरी की गई धातु की प्रतिमा, चांदी/तांबे के सिक्के, कर्णफूल, बिछिया, नोज रिंग, कंगन, ब्रेसलेट और बिक्री से अर्जित 6,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी चोरी के सामान को बेडशीट पर सजाकर फोटो खींचता था, जो उसके मोबाइल के रिसाइकल बिन से बरामद हुई हैं। चोरी का कुछ सामान बेचकर प्राप्त पैसों को आरोपी अतिथियों के सत्कार में खर्च करने की बात स्वीकार चुका है। आरोपी मनोज कुमार पुत्र स्वरूप चंद, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) का निवासी है।


