बद्रीनाथ धाम: भगवान नारायण का सोने का मुकुट चोरी

बद्रीनाथ धाम मुकुट चोरी,बद्रीनाथ आश्रम चोरी कांड
खबर शेयर करें:

 

बद्रीनाथ धाम: भगवान नारायण का सोने का मुकुट चोरी करने वाला फर्जी साधु गिरफ्तार, मुकुट व नकदी बरामद।

चमोली। सुप्रसिद्ध तीर्थस्थल बद्रीनाथ धाम स्थित ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम से भगवान नारायण का लगभग 5 लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट और नकदी चोरी करने वाले शातिर अभियुक्त को चमोली पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया बेसकीमती मुकुट, 4,500 रुपये की नकदी और घटना में प्रयुक्त बैग सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। पकड़ा गया अभियुक्त राघवराम पाठक उर्फ राघवदास पुत्र श्यामता प्रसाद पाठक (57 वर्ष) उत्तर प्रदेश के जनपद श्रावस्ती (थाना भिनगा, ग्राम मुनीमपुर) का निवासी है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 27 जुलाई को आश्रम के प्रार्थी ब्रह्मचारी भगवत दास ने कोतवाली बद्रीनाथ में तहरीर दी थी कि भजन-कीर्तन के बहाने शरण लेने वाले साधु राघवदास ने 24 जुलाई की रात मंदिर से मुकुट और वहीं ठहरे प्रभुदास नामक व्यक्ति के बैग से नकदी पार कर दी। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी इस संवेदनशील घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल बीएनएस की धारा 305(a) के तहत मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीम का गठन किया।

एसपी के निर्देशों के क्रम में विवेचक अ.उ.नि. भूपेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। 29 जुलाई को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास घेराबंदी कर भागने का प्रयास कर रहे अभियुक्त को दबोच लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने आश्रम के मंदिर से मुकुट व नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की, जिसकी निशानदेही पर शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया।

बरामदगी के बाद मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। जन आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले का त्वरित खुलासा करने पर स्थानीय जनता व तीर्थयात्रियों ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की है।


खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->