रामरतन सिंह पवार
त्यूँखर में सामाजिक सुधार की नई मिसाल: शादी-समारोहों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध।
उल्लंघन पर लगेगा 21 हजार का अर्थदण्ड।
जखोली : उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सुधार और कुप्रथाओं के उन्मूलन के लिए महिलाओं ने एक बार फिर कमान संभाल ली है। रुद्रप्रयाग जनपद के जखोली ब्लॉक के दूरस्थ गाँव त्यूँखर में महिला मंगल दल ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए शादी-ब्याह और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने व बेचने पर पूर्णतः पाबंदी लगा दी है।
ग्राम प्रधान श्रीमती माधुरी बुटोला की अध्यक्षता में 10 मई को आयोजित एक आम बैठक में ग्रामीणों की उपस्थिति में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि मेहंदी रस्म, विवाह समारोह या किसी भी सामूहिक कार्यक्रम में यदि कोई व्यक्ति शराब पिलाते हुए पाया जाता है, तो उस पर 21,000 रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही, अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी। महिला मंगल दल को जुर्माना वसूलने और नियम तोड़ने वालों पर नजर रखने का पूर्ण अधिकार दिया गया है।
ग्राम प्रधान माधुरी बुटोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रिया बुटोला और महिला मंगल दल की अध्यक्ष आशा देवी पवार ने संयुक्त बयान में कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य गाँव में एक सजग और स्वस्थ समाज की स्थापना करना है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शराब के बढ़ते प्रचलन से न केवल परिवार टूट रहे हैं, बल्कि युवा पीढ़ी भी इस कुप्रथा की गर्त में जा रही है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में महिला मंगल दल की कोषाध्यक्ष कावरी देवी, युवक मंगल दल के सदस्य, पूर्व उपप्रधान शूरवीर सिंह राणा, देव समिति अध्यक्ष शिवराज सिंह कैन्तूरा और रामलीला कमेटी के अध्यक्ष धीरज सिंह सजवाण सहित लगभग 80 ग्रामीणों ने हिस्सा लेकर इस सामाजिक बदलाव के संकल्प को अपना समर्थन दिया। गाँव के इस कड़े रुख की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



