नव नियुक्त 95 पीएलवी और अधिकार मित्रों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न।
विधिक एवं सामाजिक जानकारियों को सरल व सौम्य भाषा में आमजन तक पहुँचाने का आह्वान।
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के कुशल निर्देशन तथा जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष श्रीमती नीना अग्रवाल की अध्यक्षता में आज नव नियुक्त 95 पराविधिक कार्यकर्ताओं (पीएलवी) एवं अधिकार मित्रों हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय अध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
अपने संबोधन में जिला न्यायाधीश श्रीमती नीना अग्रवाल ने पीएलवी को समाज की अंतिम कतार में खड़े व्यक्ति तक विधिक सहायता पहुँचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जंगलों में आग की रोकथाम, नशामुक्त समाज और उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधिक एवं सामाजिक जानकारियों को सरल व सौम्य भाषा में आमजन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं:
प्रथम सत्र: रिटेनर अधिवक्ता श्रीमती यशोदा खत्री ने संविधान की मूल संरचना, पीएलवी की भूमिका और सरकारी योजनाओं से अवगत कराया।
द्वितीय सत्र: जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री टी.आर. मलेठा ने वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग व किसान पेंशन सहित छात्रवृत्ति एवं मुख्यमंत्री विवाह अनुदान जैसी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
तृतीय सत्र: सचिव (DLSA) श्रीमती पायल सिंह ने निःशुल्क विधिक सहायता, नालसा की योजनाओं और अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना की जानकारी दी। उन्होंने 'कानूनी ज्ञान माला' और नालसा की वेबसाइट के ऑनलाइन उपयोग को चरणबद्ध तरीके से समझाया।
अंतिम सत्र: मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अशोक कुमार सैनी ने महिला उत्पीड़न रोकथाम, राजस्व अभिलेखीय प्रक्रियाओं (खाता-खतौनी, परिवार रजिस्टर) तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 (BNSS) के महत्वपूर्ण प्रावधानों पर प्रकाश डाला।


