केदारनाथ धाम: तीर्थ पुरोहितों की ऐतिहासिक जीत

केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहितों के अधिकार,
खबर शेयर करें:

 केदारनाथ धाम: तीर्थ पुरोहितों की ऐतिहासिक जीत, यजमानों को पूजा कराने और दान-दक्षिणा के वंशानुगत अधिकार बहाल

प्रतीकात्मक फोटो 

ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग): केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहितों के अधिकारों को लेकर लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई का आखिरकार पटाक्षेप हो गया है। ऊखीमठ सिविल न्यायालय ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए तीर्थ पुरोहितों के पक्ष में बड़ा निर्णय दिया है। अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि केदारनाथ मंदिर में तीर्थ पुरोहित अपने यजमानों के साथ बिना किसी रोक-टोक के प्रवेश कर सकते हैं। इसके साथ ही वे मंदिर के भीतर पूजा-अर्चना, अभिषेक, संकल्प, रुद्रीपाठ कराने तथा यजमानों से दान-दक्षिणा प्राप्त करने के परंपरागत और वंशानुगत (पीढ़ी-दर-पीढ़ी) अधिकार रखते हैं।

इस महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुकदमे में तीर्थ पुरोहित समाज की ओर से अधिवक्ता सुशील भट्ट, हार्दिक रावत और आनंद बजवाल ने न्यायालय के समक्ष मजबूती से पक्ष रखा। अधिवक्ताओं ने अदालत में प्रभावी पैरवी, ठोस ऐतिहासिक तथ्यों और मजबूत कानूनी तर्कों के आधार पर अपने मुवक्किलों के अधिकारों की पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप यह ऐतिहासिक फैसला सामने आया।

न्यायालय के इस निर्णय के बाद केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय हक-हकूकधारियों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। पुरोहित समाज ने एकजुट होकर तीनों अधिवक्ताओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि यह फैसला महज एक कानूनी जीत नहीं है, बल्कि सनातन परंपरा, धार्मिक अधिकारों और सदियों पुरानी व्यवस्था की पुनर्स्थापना है। यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत मिसाल बनेगा और बाबा केदारनाथ धाम की प्राचीन धार्मिक मर्यादाओं व परंपराओं की रक्षा सुनिश्चित करेगा। इसे पूरे तीर्थ पुरोहित समाज के सम्मान और अस्तित्व की लड़ाई में एक मील का पत्थर माना जा रहा है

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->