सिद्ध बाबा कृषक समिति ने किसानों को वितरित किए कृषि उपकरण, 80% सब्सिडी का मिला लाभ।
कोटद्वार। सिद्ध बाबा कृषक उत्पादक संगठन सहकारी समिति लिमिटेड, सुखरो देवी (कोटद्वार) द्वारा क्षेत्र के कृषकों को सशक्त बनाने और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी हैं। इसी क्रम में आज समिति कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पात्र किसानों को भारी अनुदान पर आधुनिक कृषि यंत्र वितरित किए गए।
समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री श्याम क्षेत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य किसानों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समिति न केवल किसानों को तकनीकी रूप से सक्षम बना रही है, बल्कि उनके द्वारा उत्पादित फसलों को उचित बाजार उपलब्ध कराने में भी सेतु का कार्य कर रही है।
आज आयोजित वितरण समारोह की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष श्री कृपाल सिंह रावत एवं सहकारिता विभाग की ADO श्रीमती शर्मिला राणा द्वारा की गई। इस अवसर पर सरकार द्वारा प्रदत्त 80 प्रतिशत अनुदान (सब्सिडी) के साथ किसानों को पावर टिलर, गेहूं पीसने की चक्की और घास काटने हेतु ब्रश कटर उपलब्ध कराए गए। यंत्र पाकर किसानों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
योजना का लाभ पाने वाले मुख्य लाभार्थी: समिति के माध्यम से आधुनिक यंत्र प्राप्त करने वालों में श्री वीरेंद्र सिंह, श्री दीपक सिंह रावत, श्री जगपाल सिंह नेगी एवं श्री राजेश बौठियाल शामिल रहे, जिन्हें पावर टिलर प्रदान किए गए। वहीं, अवतार सिंह चौहान को ब्रश कटर तथा श्रीमती नीता एवं सीमा भंडारी को आटा चक्की वितरित की गई।
इस कार्यक्रम के दौरान समिति की पदाधिकारी श्रीमती कुसुम बोठियाल, श्रीमती शकुंतला देवी, नीता, श्री कमल बहादुर और अवधेश असवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने किसानों से इन आधुनिक मशीनों का अधिकतम उपयोग कर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया।




