रामरतन पवांर/जखोली
देहरादून: शिक्षा निदेशालय में भारी बवाल, विधायक समर्थकों पर शिक्षा निदेशक से मारपीट का आरोप।
देहरादून- राजधानी देहरादून स्थित ननूरखेड़ा शिक्षा निदेशालय में आज उस समय हड़कंप मच गया जब अशासकीय विद्यालयों से जुड़े विवाद के दौरान प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी के विधायक उमेश शर्मा काऊ के समर्थकों ने इस वारदात को अंजाम दिया, जिसमें निदेशक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, विधायक उमेश शर्मा काऊ अशासकीय विद्यालय प्रबंधन के कुछ सदस्यों के साथ अपनी मांगों को लेकर निदेशालय पहुंचे थे। चर्चा के दौरान निदेशालय के कार्मिकों और प्रबंधन प्रतिनिधियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने निदेशक को करीब एक घंटे तक उनके ही कमरे में बंधक बनाए रखा। जब निदेशालय के अन्य कर्मचारियों ने हंगामा किया, तब जाकर कमरा खोला गया।
घटना के बाद घायल निदेशक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। इस हमले से शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सीसीटीवी फुटेज व गवाहों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षा की मांग करते हुए घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।


