खलियाण में 10 जून की आपदा के घाव अब भी हरे।
सड़क टूटी तो थम गई बस सेवा।
जखोली। गत 10 जून को हुई मूसलाधार बारिश के कारण खूड़गड़ गदेरे के उफान पर आने से आपदाग्रस्त खलियाण गांव में अतिवृष्टि से गांव में सार्वजनिक और व्यक्तिगत परिसंपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा था। सबसे गंभीर स्थिति पंचायत घर के समीप बनी हुई है, जहां पीएमजीएसवाई की ओर से यातायात सुचारु रखने के लिए बनाई गई सुरक्षा दीवार टूटने से भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
विश्वनाथ सेवा कंपनी के अध्यक्ष कुंवर सिंह ने बताया कि सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण देहरादून और हरिद्वार से बधानिताल के बीच संचालित होने वाली तीन बस सेवाएं रोकनी पड़ी हैं। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वही छेनागाड़ को जाने वाली बस भी अग्सत्यमुनि तक चलाई जा रही है जो लगभग एक महीने से सड़क बाधित होने के चलते गंतव्य तक नही जा रही है। विशेषकर दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और आवश्यक कार्यों के लिए बाहर जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता जखोली पवन कुमार ने कहा क्षतिग्रस्त मार्ग का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मार्ग को शीघ्र दुरुस्त कर यातायात बहाल किया जाएगा।
ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी ने कहा कि पैदल मार्गों के साथ खेत-खलिहानों को जोड़ने वाले रास्ते और गदेरे की पुलिया भी ध्वस्त हो गई है। इससे बुजुर्गों, बीमार और मरीजों को मुख्य सड़क तक पहुंचाना मुश्किल हो गया है। खंड विकास अधिकारी विजय सिंह नेगी ने कहा कि क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों के प्राकलन तैयार कर जल्द पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।


