मखेत गाँव-शादी-विवाह में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध

शादी-विवाह या मांगलिक कार्यक्रम में शराब,
खबर शेयर करें:

 

मखेत गाँव की ऐतिहासिक पहल: शादी-विवाह में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर लगेगा ₹51000 का जुर्माना।

सामाजिक अशांति और आर्थिक बोझ बनी थी यह परंपरा, लस्या पट्टी का पहला गाँव बना मखेत।

जखोली (रुद्रप्रयाग): जनपद के विकासखंड जखोली के अंतर्गत ग्राम पंचायत मखेत (उदयनगर) ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक बड़ा और साहसिक कदम उठाया है। ग्राम प्रधान श्रीमती रेखा देवी की अध्यक्षता में आयोजित एक आम बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि अब गाँव में किसी भी शादी-विवाह या मांगलिक कार्यक्रम में शराब नहीं परोसी जाएगी। इस नियम का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति या परिवार पर 51000 रुपये का आर्थिक दंड लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्यवाही का भी प्रस्ताव पारित किया गया है।

बैठक में उपस्थित महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और प्रबुद्ध ग्रामीणों ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि मांगलिक कार्यों, विशेषकर 'मेहंदी रस्म' के दौरान शराब परोसने की बढ़ती प्रवृत्ति से गाँव का माहौल खराब हो रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि शराब के कारण शादी वाले घरों में खुशी के बजाय लड़ाई-झगड़े और तनाव का वातावरण बन जाता है। सबसे अधिक प्रभावित गरीब परिवार हो रहे थे, जिन्हें सामाजिक दबाव में आकर अपने बच्चों की शादी के लिए मेहनत की कमाई शराब पर खर्च करनी पड़ रही थी। इसी 'बीमारी' को जड़ से उखाड़ने के लिए ग्रामीणों ने एकजुट होकर यह कड़ा फैसला लिया है।

उल्लेखनीय है कि लस्या पट्टी के 18 गाँवों में से मखेत पहला ऐसा गाँव बन गया है, जहाँ सामूहिक रूप से शराब पर प्रतिबंध का प्रस्ताव पारित हुआ है। हालांकि, इससे पूर्व देवल गाँव के पूर्व प्रधान शम्भू प्रसाद उनियाल ने अपनी नातिन की शादी में व्यक्तिगत रूप से शराब न परोसने की शुरुआत कर एक अच्छा उदाहरण पेश किया था, जिसे अब मखेत ने पूरे गाँव के लिए अनिवार्य बना दिया है।

इस ऐतिहासिक निर्णय के दौरान गाँव के कई गणमान्य व्यक्ति साक्षी बने। बैठक में प्रधान रेखा देवी के साथ महिला मंगल दल अध्यक्ष रेशमा देवी, पूर्व प्रधान शशी देवी, पूर्व प्रधान अषाड़ सिंह राणा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य उर्मिला देवी, पूर्व उप प्रधान पंकज बुटोला, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एकादशी देवी, उत्तम सिंह, दिनेश सिंह, राहुल, विनीता और अलका देवी सहित लगभग 70 ग्रामीणों ने भाग लेकर इस मुहिम को अपना समर्थन दिया।


खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->