रणधार में वन विभाग और मंथन सोसायटी ने चलाया पौधरोपण अभियान।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को वितरित किए पौधे।
जखोली। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को रणधर में वन विभाग, उत्तरी जखोली रेंज एवं मंथन रिसर्च डेवलपमेंट सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मंथन रिसर्च डेवलपमेंट सोसायटी के सदस्यों, स्थानीय ग्रामीणों तथा विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए पौधरोपण किया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग की ओर से स्थानीय ग्रामीणों एवं विद्यालयी छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रजातियों के पौध भी वितरित किए गए। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और उनके नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। वन क्षेत्राधिकारी उत्तरी जखोली श्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में वनों और पेड़-पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय लोगों और युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के अभियानों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने तथा अपने आसपास अधिकाधिक पौधे लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी उत्तरी जखोली श्री सुरेंद्र सिंह नेगी, श्री अनुराग असवाल, श्री नितिन नौटियाल, श्री देवी प्रसाद भट्ट, वन आरक्षी, मंथन रिसर्च डेवलपमेंट सोसायटी के श्री अरविंद सेमवाल सहित स्थानीय ग्रामीण और विद्यालयी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया। आयोजनकर्ताओं ने कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र में पर्यावरण जागरूकता एवं पौधरोपण से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।


