27 विभूतियों को 'रुद्र गौरव सम्मान' से नवाजा

रुद्र गौरव सम्मान 2026,
खबर शेयर करें:

 

रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब ने 27 विभूतियों को 'रुद्र गौरव सम्मान' से नवाजा।

उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में '25 वर्ष–25 प्रतिभाएँ' की अनूठी अवधारणा के तहत विभिन्न क्षेत्रों की 27 हस्तियों को सम्मानित किया गया।

रुद्रप्रयाग। जनपद में सामाजिक मूल्यों, पत्रकारिता की मर्यादा और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब द्वारा भव्य 'रुद्र गौरव सम्मान 2026' समारोह का आयोजन किया गया। उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में '25 वर्ष–25 प्रतिभाएँ' की अनूठी अवधारणा के तहत विभिन्न क्षेत्रों की 27 हस्तियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पत्रकारिता जगत के दो वरिष्ठ स्तंभों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से भी विभूषित किया गया।









समारोह को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब के अध्यक्ष कुलदीप राणा 'आज़ाद' ने कहा कि पत्रकारिता का धर्म केवल समाचार संप्रेषण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के गुमनाम नायकों को पहचान दिलाना और सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनना भी है। उन्होंने बताया कि यह सम्मान आपदा राहत, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में निस्वार्थ सेवा देने वालों को समर्पित है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कमलेश उनियाल ने इस आयोजन को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोहों से युवाओं में सेवा और समर्पण की भावना जागृत होती है।

विशिष्ट अतिथि और श्री केदारनाथ धाम के मुख्य पुजारी शिव शंकर लिंग ने भगवान रुद्र की इस पावन धरती पर वास्तविक प्रतिभाओं के सम्मान को सराहनीय पहल बताया। वहीं, सूचना महानिदेशक वंशीधर तिवारी ने पर्वतीय क्षेत्र के पत्रकारों के हितों की रक्षा हेतु पृथक विज्ञापन नीति और स्वास्थ्य बीमा जैसे विषयों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उत्तराखंड प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब को विधिवत संबद्धता प्रदान करते हुए भविष्य में पत्रकार हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

सम्मान की श्रेणी में वरिष्ठ पत्रकार रमेश पहाड़ी और रमेश उत्तराखंडी को उनकी दीर्घकालिक जनपक्षीय पत्रकारिता के लिए 'लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड' से नवाजा गया। इसके अतिरिक्त, लक्ष्मण सिंह नेगी, विक्रांत भण्डारी, उन्नति सहकारी समिति, जय केदार कला मंच, नितिन एकेडमी, डॉ. एस. कटारा, अंशिका जग्गी, और महिला मंगल दल क्यूडी सहित कुल 27 व्यक्तियों व संस्थाओं को रुद्र गौरव सम्मान प्रदान किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर सहित जनपद एवं प्रदेश स्तर के अनेक गणमान्य पत्रकार व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->