मुख्यमंत्री ने घनसाली को दी 41.21 करोड़ की सौगात

पिलखी पीएचसी का सीएचसी में हुआ उच्चीकरण,
खबर शेयर करें:

 

मुख्यमंत्री ने घनसाली को दी 41.21 करोड़ की सौगात, पिलखी पीएचसी का सीएचसी में हुआ उच्चीकरण।

13.43 करोड़ रुपये की 3 योजनाओं का लोकार्पण और 27.78 करोड़ रुपये की 5 योजनाओं का शिलान्यास।

घनसाली (टिहरी): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद टिहरी के घनसाली विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर क्षेत्रवासियों को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 41.21 करोड़ रुपये की लागत वाली 8 विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें 13.43 करोड़ रुपये की 3 योजनाओं का लोकार्पण और 27.78 करोड़ रुपये की 5 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में मुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के रूप में उच्चीकृत किए जाने का शिलान्यास किया। इस पुनीत कार्य के लिए अस्पताल हेतु भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला एवं उनके परिवार को मुख्यमंत्री ने मंच पर सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने पिलखी बेलेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की भी घोषणा की।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार केवल शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि समयबद्ध लोकार्पण सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इच्छाशक्ति हो तो संसाधनों की कमी बाधा नहीं बनती। प्रदेश सरकार वर्तमान में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदूर पहाड़ी क्षेत्रों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार को 5 लाख रुपये तक का सुरक्षा कवच मिला है, जबकि नंदा गौरा योजना के माध्यम से बेटियों को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय इंद्राणी बडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने और सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए निरंतर कठोर कदम उठा रही है। आगामी होली पर्व की बधाई देते हुए उन्होंने विधायक द्वारा सौंपे गए ज्ञापन की सभी मांगों को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने का आश्वासन भी दिया।

विधायक शक्तिलाल शाह ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र की 37 सूत्रीय मांगें रखीं, जिनमें मुख्य रूप से अखोड़ी का उच्चीकरण, बालगंगा पुल हेतु धनराशि की स्वीकृति, धमातोली हाईस्कूल को इंटर कॉलेज बनाना और ब्लॉक मुख्यालय में मिनी स्टेडियम का निर्माण शामिल है। लोकार्पण की गई प्रमुख योजनाओं में धमातोली-घनसाली-अखोड़ी मोटर मार्ग का सुदृढ़ीकरण और राजकीय इंटर कॉलेज कोट विशन का भवन निर्माण शामिल है। वहीं, शिलान्यास की गई योजनाओं में विश्व बैंक द्वारा पोषित यू-प्रिपेयर योजना के तहत 50 मीटर स्टील गर्डर मोटर सेतु और बालगंगा तहसील के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निर्माण प्रमुख है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी आयुष अग्रवाल, सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।


खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->