अग्सत्यमुनि कोटि गांव में 64 वर्षीय वृद्धा पर हमला करने वाला गुलदार पिंजरे में हुआ कैद।
अगस्त्यमुनि (रुद्रप्रयाग): विकासखंड अगस्त्यमुनि के पठालीधार क्षेत्र स्थित कोटि गांव में बीते 29 जुलाई को एक बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला करने वाला संदिग्ध गुलदार आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया है। उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई को जंगल में मवेशियों के लिए घास लेने गई 64 वर्षीय नारायणी देवी पर घात लगाए बैठे एक गुलदार ने हमला कर दिया था। इस दौरान महिला ने अदम्य साहस दिखाते हुए हाथ में मौजूद दरांती से गुलदार पर ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे घबराकर गुलदार मौके से भाग खड़ा हुआ और महिला की जान बच गई थी।
घटना के बाद से ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए उत्तरी जखोली रेंज की टीम वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही थी। वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए संभावित स्थानों पर पिंजरे भी स्थापित किए थे। लगातार प्रयासों के बाद वन टीम को सफलता मिली और गुलदार पिंजरे में फंस गया। वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए गुलदार को मेडिकल परीक्षण के बाद रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा।


