पहाड़ में दहेज के लिए बलि चढ़ी एक बेगुनाह आखिर कब समझेंगे ऐसे मानसिकता के लोग।
दहेज की खातिर बहू की हत्या: पुलिस ने सास-ससुर को भेजा जेल।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कनोल निवासी सुपुली देवी ने अपनी पुत्री उर्मिला का विवाह वर्ष 2023 में प्रेम सिंह (निवासी ग्राम ल्वाणी, देवाल) के साथ किया था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उर्मिला को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना वाले दिन मृतका ने अपने मायके फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी, जिसके कुछ देर बाद उसका फोन बंद हो गया और बाद में उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों का दावा है कि उर्मिला की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत पंवार के निर्देश पर थाना थराली में बीएनएस की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग, त्रिवेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में हुई जांच और साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने आरोपी ससुर त्रिलोक सिंह (62 वर्ष) और सास रामेश्वरी देवी (52 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष थराली विनोद चौरसिया के नेतृत्व वाली पुलिस टीम इस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में निष्पक्ष और साक्ष्य-आधारित त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।


