देवभूमि चिल्ड्रन एकेडमी सांकला के वार्षिकोत्सव में बिखरी सांस्कृतिक छटा।
विधायक भरत चौधरी ने मेधावियों को किया सम्मानित।
रुद्रप्रयाग। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके देवभूमि चिल्ड्रन एकेडमी सांकला का वार्षिक उत्सव बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि बेहतर शिक्षण व्यवस्था और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के चलते विद्यालय को वर्ष 2020 से 2024 तक लगातार चार बार प्रदेश स्तर पर 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय उत्कृष्ट सम्मान' से नवाजा जा चुका है।
मुख्य अतिथि विधायक भरत सिंह चौधरी ने विद्यालय के अनुशासित माहौल और उच्च शैक्षिक गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति का आभार व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए फर्नीचर और ई-लर्निंग सिस्टम देने की बड़ी घोषणा की। वहीं, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नीता बुटोला के प्रतिनिधि ने विद्यालय प्रांगण के सुधारीकरण हेतु लॉक टाइल्स लगाने का आश्वासन दिया।
वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से 'सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव' और 'अभिभावकों की अनियमित दिनचर्या' का बच्चों के जीवन पर पड़ने वाले असर को दर्शाते हुए किए गए सजीव मंचन ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। उपस्थित जनसमूह ने बच्चों की इस कलात्मक और संदेशपरक प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में विधायक भरत सिंह चौधरी ने 'वीर बाल दिवस' के संदर्भ में गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों के शौर्य और बलिदान की वीरगाथा सुनाई। इतिहास की इस सबसे निर्भीक शहादत का वर्णन सुनकर दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों की आंखें नम हो गईं। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को विधायक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मंच का सफल संचालन अमिताभ चमोली द्वारा किया गया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मेहरबान सिंह, पूर्व प्रधान डॉ. संजय राणा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप पंवार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र भंडारी, भाजपा मण्डल अध्यक्ष सिद्धसौड़ सौकार सिंह, ग्राम प्रधान चंदी पवन राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य शम्भू प्रसाद, जयदीप पंवार, ग्राम प्रधान जाखणी उत्तम सिंह, महिला मंगल दल अध्यक्ष तनुजा देवी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


