भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
देहरादून में माइक्रो फाईनेंस इंडिया एसोसिएशन कम्पनी के मालिक ने भारी मुनाफे और ऊँचे ब्याज का झाँसा देकर हजारों भोले-भाले लोगों को चूना लगाया।
निवेशकों की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपये हड़पकर फरार हो गया। पुलिस ने इस बड़ी धोखाधड़ी के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला?
यह पूरा मामला नेहरू कॉलोनी क्षेत्र का है, जहाँ कुछ व्यक्तियों ने एक निजी फाइनेंस कंपनी खोली। उन्होंने जमाकर्ताओं को बहुत अधिक ब्याज और भारी मुनाफे का लालच दिया, जिसके चलते लोगों ने उनकी कंपनी में करोड़ों रुपये का निवेश कर दिया। निवेश की मोटी रकम लेकर ये लोग फरार हो गए।
इस संवेदनशील मामले का संज्ञान लेते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर, पुलिस ने 02 अक्टूबर 2025 को स्वयं वादी बनकर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा संख्या 348/2025 दर्ज किया।
जांच और गिरफ्तारी
जांच में पता चला कि इस कंपनी के संस्थापक सदस्य (फाउंडर मेंबर) जगमोहन सिंह चौहान और निदेशक (डायरेक्टर) श्रीमती नीलम चौहान (जगमोहन सिंह चौहान की पत्नी) हैं, जो देहरादून के सरस्वती विहार के निवासी हैं।
यह भी सामने आया कि कंपनी के पैसों का सारा लेन-देन जगमोहन सिंह चौहान ही ऑपरेट करता था। वह लोगों को अधिक ब्याज का लालच देकर उन्हें अपने झाँसे में फंसाता था और उन्हें कंपनी में आरडी, एफडी और डीडीएस खाते खोलने के लिए मजबूर करता था। लोग उसकी लोक-लुभावन योजनाओं के जाल में फँस जाते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तुरंत एक्शन लेते हुए कंपनी से संबंधित सभी बैंक खातों को सीज करवाया और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी, पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का उपयोग किया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, पुलिस टीम ने 07 अक्टूबर 2025 को मुख्य अभियुक्त जगमोहन सिंह चौहान को थाना रोड, नेहरू कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
नाम: जगमोहन सिंह चौहान
पिता का नाम: स्व० श्री श्रीचन्द चौहान
आयु: 55 वर्ष
पता: स्थायी निवासी- सटेन गजा, थाना नरेन्द्र नगर, जनपद टिहरी गढ़वाल। वर्तमान पता- ई-ब्लॉक सरस्वती विहार, थाना नेहरू कॉलोनी, जनपद देहरादून।
पुलिस टीम:
अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल थे:
उ0नि0 संजीत कुमार (थानाध्यक्ष, थाना नेहरु कॉलोनी)
उ0नि0 विकास शुक्ला (व0उ0नि0, थाना नेहरु कॉलोनी)
उ0नि0 प्रवीण सिह पुण्डीर (चौकी प्रभारी, बाईपास)
उ0नि0 धनीराम पुरोहित (चौकी प्रभारी, फुवारा)
का0 श्रीकान्त मलिक
का0 बृजमोहन सिह
का0 सन्दीप छावडी
का0 अर्जुन सिंह