मयाली की रामलीला में सीताहरण और शूर्पणखा प्रसंग का भव्य मंचन, शंकर नेगी के अभिनय ने मोहा दर्शकों का मन।
जखोली। विकासखंड जखोली के मयाली में आयोजित श्रीरामलीला मंचन में सीताहरण और शूर्पणखा प्रसंग का भावपूर्ण एवं आकर्षक मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय, प्रभावशाली संवाद अदायगी और उत्कृष्ट मंचीय प्रस्तुति से रामायण के पौराणिक प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंच पर प्रस्तुत दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर करने के साथ ही धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से भी जोड़ा।
रामलीला में शूर्पणखा की भूमिका निभा रहे शंकर नेगी अपने दमदार अभिनय और प्रभावशाली संवादों के चलते विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने शूर्पणखा के चरित्र को अपने अभिनय के माध्यम से जीवंत किया और हास्यपूर्ण संवादों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उनके अभिनय पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
श्री आदर्श रामलीला समिति मयाली के अध्यक्ष ने बताया कि समिति की ओर से इस वर्ष रामलीला मंचन का दसवां वर्ष आयोजित किया जा रहा है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी क्षेत्रीय जनता में रामलीला को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रामलीला का निर्देशन रतनमणि और रघुवीर सिंह नेगी द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रामलीला मंचन का समापन आगामी 16 नवंबर को भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के भव्य दृश्य के साथ किया जाएगा।
रामलीला देखने के लिए प्रतिदिन मयाली सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर भानू काला, अजय सकलानी, मोहन सिंगवाल, सुनील नेगी, अनमोल काला, नरेंद्र पंत, राकेश काला और महिला मंगल दल की अध्यक्ष सुमति काला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रीय दर्शक मौजूद रहे।


