जखोली के कोठियाड़ा में 400 नाली बंजर भूमि पर खड़ा किया उद्यानिकी मॉडल

सेब की गाला सेगमेंट की प्रजाति पौध की नर्सरी कहां है, रुद्रप्रयाग में स्टोन फ्रूट की नर्सरी, उद्यान विभाग की योजनाएं, कीवी उत्पादन, मशरूम उत्पादन,
खबर शेयर करें:

 

400 नाली बंजर भूमि को चाचा भतीजे की जोड़ी ने बनाया रोजगार का केंद्र।

400 नाली बंजर भूमि पर सेब ओर स्टोन फ्रूट की नर्सरी, ओमप्रकाश कोठारी, सीताराम कोठारी,

 कोठियाड़ा में कोठारी बंधुओं ने खड़ी की फल एवं पुष्प उत्पादन की नई मिसाल।

रुद्रप्रयाग। पहाड़ों से लगातार हो रहे पलायन और बंजर होती कृषि भूमि के बीच विकासखंड जखोली के कोठियाड़ा गांव के चाचा भतीजे ने अपनी मेहनत और दूरदर्शिता से नई उम्मीद जगाई है। भारतीय रेलवे से सेवानिवृत्त सीताराम कोठारी और मुंबई में कपड़ा मिल संचालित कर चुके ओमप्रकाश कोठारी ने अपनी पैतृक भूमि को आबाद करने का संकल्प लेकर 400 नाली से अधिक बंजर भूमि को फल, फूल और सब्जी उत्पादन के साथ आधुनिक उद्यानिकी का केंद्र बनाने की पहल की है।

कोठारी बंधुओं ने स्वयं के प्रयासों और उद्यान विभाग के सहयोग से सेब, स्टोन फ्रूट, कीवी, गेंदे के फूल, अदरक, सोयाबीन, बेमौसमी सब्जियों और मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार से जोड़ा है। उनकी यह पहल अब क्षेत्र में कृषि आधारित उद्यमिता का एक बेहतर उदाहरण बन रही है।

ओमप्रकाश कोठारी के अनुसार, उनकी नर्सरी में गाला सेगमेंट की छह प्रजातियों के लगभग 40 हजार सेब के पौधे तैयार किए गए हैं। ये पौधे दो से तीन वर्ष की आयु के हैं। इसके अलावा स्टोन फ्रूट श्रेणी में प्लम, अखरोट, आड़ू, बादाम और खुबानी सहित लगभग दो लाख पौध तैयार की जा रही हैं। वर्षभर लगभग 10 नाली भूमि पर गेंदे के फूलों की खेती और 29 नाली भूमि पर बेमौसमी सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है। वहीं, लगभग 100 नाली भूमि पर कीवी उत्पादन तथा उद्यान विभाग रुद्रप्रयाग के सहयोग से दो मशरूम यूनिट भी स्थापित की गई हैं।

सीताराम कोठारी बताते हैं कि इस वर्ष उनकी नर्सरी का उद्यान विभाग में पंजीकरण होने के बाद विभाग ने उनसे नारंगी के 600 पौध खरीदे, जिससे 36 हजार रुपये की आय हुई। इसके अतिरिक्त स्थानीय स्तर पर लगभग 800 नारंगी के पौधों की बिक्री भी की गई है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष फलदार सेब के पौधों से प्राप्त फलों को खुले बाजार में 90 हजार रुपये में बेचा गया। नारंगी और अन्य पौधों की बिक्री से लगभग डेढ़ लाख रुपये तथा सब्जियों और दालों के उत्पादन से करीब दो लाख रुपये की आय हुई है। उनके अनुसार, यह अभी शुरुआती चरण है और आगामी वर्ष उत्पादन एवं आय में और वृद्धि की उम्मीद है।

कोठारी बंधुओं की इस पहल से वर्षभर छह लोगों को नियमित रोजगार मिल रहा है, जबकि कृषि कार्यों के मौसम के अनुसार लगभग 10 अन्य लोगों को भी काम उपलब्ध कराया जा रहा है।

सीताराम कोठारी का कहना है कि जिस मिट्टी ने उन्हें शिक्षा, सरकारी नौकरी और स्वरोजगार के योग्य बनाया, उस जन्मभूमि के लिए कुछ करना उनका नैतिक दायित्व है। इसी सोच के साथ उन्होंने बंजर पड़ी भूमि को लीज पर लेकर उद्यानिकी और कृषि उत्पादन का कार्य शुरू किया।

जिला उद्यान अधिकारी राजेश प्रसाद जसोला ने बताया कि पूर्व में कोठारी बंधुओं द्वारा मुख्य रूप से सेब की नर्सरी का कार्य किया जा रहा था। विभाग की ओर से प्रोत्साहन और तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के बाद अब यहां कीवी उत्पादन, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन और स्टोन फ्रूट की नर्सरी को भी विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लिए एक अच्छा उद्यानिकी मॉडल है। आगामी समय में क्षेत्रीय किसानों को इस नर्सरी में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। साथ ही कोठारी बंधुओं की सेवाएं मास्टर ट्रेनर के रूप में भी ली जाएंगी, ताकि अन्य किसान भी इन गतिविधियों से जुड़ सकें।

जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों से उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में उद्यानिकी की व्यापक संभावनाएं हैं। फल उत्पादन, पौध नर्सरी, पुष्प उत्पादन और मशरूम जैसी गतिविधियां किसानों की आय बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा कर सकती हैं।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->