धारचूला के गलाती में दर्दनाक हादसा, आठ वर्षीय मासूम की मौत; सड़क के गड्ढों पर उठे सवाल।
मोटरसाइकिल से उछलकर सेना के वाहन के नीचे आया बालक, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित।
धारचूला। सीमांत क्षेत्र धारचूला के गलाती में सड़क हादसे में आठ वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान दाड़िम पाटा कालिका निवासी ईश्वर सिंह बिष्ट पुत्र भरत सिंह बिष्ट के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को दुर्घटना की वजह बताए जाने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईश्वर सिंह बिष्ट अपने ताऊ कविंद्र सिंह बिष्ट के साथ धारचूला बाजार से मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव कालिका जा रहा था। बालक मोटरसाइकिल के आगे बैठा था। बताया गया कि गलाती के समीप सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और ईश्वर उछलकर सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान बगल से गुजर रहे सेना के वाहन का टायर बालक के ऊपर चढ़ गया।
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल बालक को तत्काल धारचूला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. जुनैद ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे की मौत की खबर से अस्पताल में मचा कोहराम
इस हादसे की सबसे हृदयविदारक बात यह रही कि मृतक के पिता भरत सिंह बिष्ट धारचूला अस्पताल में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
भारतमाला सड़क निर्माण की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार, भारतमाला परियोजना के तहत बलुवाकोट से तवाघाट तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के चलते कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त है और गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं। लोगों ने सड़क की मरम्मत, यातायात सुरक्षा और निर्माण कार्य में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
पुलिस के अनुसार, शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल थाने में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को सेना के वाहन से संबंधित फुटेज मिलने की जानकारी भी सामने आई है। परिजन शव लेकर गांव कालिका रवाना हो गए।
आठ वर्षीय ईश्वर की मौत ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सड़क की बदहाली और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर जिम्मेदारी तय होगी, या यह हादसा भी महज एक दुर्घटना बनकर रह जाएगा?

