मंदाकिनी शरदोत्सव का आगाज, प्रियंका महर के गीतों पर झूमे दर्शक

मंदाकिनी शरदोत्सव 2026, अगस्त्यमुनि मेला, प्रियंका महर, कृषि औद्योगिक विकास मेला, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, राज्य आंदोलनकारी सम्मान, रुद्रप्रयाग,
खबर शेयर करें:

 

मंदाकिनी शरदोत्सव का रंगारंग आगाज, प्रियंका महर के गीतों पर झूमे दर्शक।

मंदाकिनी शरदोत्सव का रंगारंग आगाज, प्रियंका महर के गीतों पर झूमे दर्शक

 बदहाल मैदान ने फीकी की मेले की रौनक।

अगस्त्यमुनि। अगस्त्यमुनि मैदान में रविवार को मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक विकास मेले का रंगारंग शुभारंभ हुआ। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में जहां राज्य आंदोलनकारियों के आश्रितों को सम्मानित कर उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया गया, वहीं लोकगायिका प्रियंका महर की शानदार प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। हालांकि, मैदान की बदहाल स्थिति मेले की रौनक में बाधा बनती नजर आई।

मेले के शुभारंभ से पूर्व स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। इसके बाद ध्वजारोहण और बहुउद्देशीय सांस्कृतिक कला मंच पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में संघर्ष करने वाले शहीदों के आश्रितों को सम्मानित किया गया। राज्य आंदोलनकारी यशोधर बेंजवाल की पत्नी उमा देवी बेंजवाल ने शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए सरकार से स्मारक निर्माण की मांग उठाई।

मेला समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन बेंजवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अगस्त्यमुनि मैदान की मूल स्थिति यथावत बनाए रखने की मांग की। उन्होंने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मेले के आयोजन को लेकर अपेक्षित तैयारियां नहीं की गईं। विधायक आशा नौटियाल ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए समिति की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मेले में महिला मंगल दलों की टीमों ने पारंपरिक लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं, शाम को लोकगायिका प्रियंका महर ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर तक झूमते रहे। विभिन्न प्रकार की दुकानों और स्टालों पर भी लोगों की भीड़ उमड़ी। हालांकि, मैदान की बदहाल स्थिति और व्यवस्थागत कमियों ने मेले की भव्यता पर सवाल खड़े किए।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष रितु नेगी, ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, जिला पंचायत सदस्य संपन्न नेगी, मेला संयोजक विक्रम नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->