अगस्त्यमुनि मंदाकिनी शरदोत्सव का समापन, खेल मैदान के समतलीकरण पर उठा सवाल

मंदाकिनी शरदोत्सव 2026 अगस्त्यमुनि मेला समापन, अगस्त्यमुनि खेल मैदान खेल मैदान समतलीकरण, सौरभ मैठाणी के गीत, खुशी जोशी लोकगीत,
खबर शेयर करें:

 

अगस्त्यमुनि मेले के मंच पर सियासी गर्माहट: खेल मैदान के समतलीकरण का मुद्दा उठा, सौरभ मैठाणी के गीतों पर झूमे मेलार्थी।

अगस्त्यमुनि मेले के मंच पर सियासी गर्माहट

अगस्त्यमुनि। मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक विकास मेले के पांच दिवसीय आयोजन का शुक्रवार को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पुरस्कार वितरण और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच समापन हो गया। मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में जहां लोकगायक सौरभ मैठाणी और लोकगायिका खुशी जोशी की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया, वहीं मंच से अगस्त्यमुनि खेल मैदान के संरक्षण और समतलीकरण का मुद्दा उठने से सियासी सरगर्मी भी देखने को मिली। लंबे समय से नाराज चल रहे नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी और कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि अगस्त्यमुनि की पहचान यहां आयोजित होने वाले मेले और खेल मैदान से जुड़ी है। इन दोनों का संरक्षण क्षेत्र के सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन चौहान ने खेल मैदान के समतलीकरण का सवाल उठाते हुए कहा कि एक दिन पहले कैबिनेट मंत्री ने विकास कार्यों को लेकर कई घोषणाएं कीं, लेकिन अगस्त्यमुनि के महत्वपूर्ण खेल मैदान की समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने मैदान का शीघ्र समतलीकरण कराने की मांग उठाई।

सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण लोकगायक सौरभ मैठाणी रहे। उन्होंने 'मैं पहाड़ों को रैबासी...' और 'तू रहंदी मां...' जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। लोकगायिका खुशी जोशी ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

मेले के अंतिम दिन खरीदारी और मनोरंजन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दुकानों पर विशेष छूट का लाभ उठाते हुए लोगों ने जमकर खरीदारी की। बच्चों ने चरखी और अन्य मनोरंजन साधनों का आनंद लिया। पांच दिवसीय आयोजन के दौरान हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

समापन अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी, पूर्व प्रमुख प्रदीप थपलियाल, मेला समिति अध्यक्ष हर्षवर्धन बेंजवाल, संयोजक विक्रम सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य पवन कुमार, अंकुर रौथाण, नीलकंठ भट्ट, अजयवीर भंडारी, डॉ. आशुतोष भंडारी और पृथ्वीपाल रावत सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->