ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हुई बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली।
छह माह तक ओंकारेश्वर मन्दिर में होगी शीतकालीन पूजा।
ऊखीमठ। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार को हजारों श्रद्धालुओं की जयकारों, वैदिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान हो गई। बाबा केदार की डोली के मंदिर पहुंचने के साथ ही केदारनाथ धाम की शीतकालीन पूजा की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। शनिवार से ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा विधि-विधान के साथ शुरू होगी।
पंचमुखी उत्सव डोली के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। मंदिर की प्राचीन परंपराओं के अनुसार डोली को शीतकालीन गद्दीस्थल पर विराजमान कराया गया। इस दौरान केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग, मंदिर के पुजारी, वेदपाठी, हक-हकूकधारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। बाबा केदार के जयकारों से पूरा ऊखीमठ क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।
केदारनाथ धाम की यात्रा के निर्विघ्न संपन्न होने पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला और केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने शासन-प्रशासन, पुलिस, तीर्थ पुरोहित समाज, मंदिर समिति, विभिन्न विभागों, व्यापारियों और स्थानीय जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से इस वर्ष केदारनाथ यात्रा का सफल, सुरक्षित और सुचारु संचालन संभव हो पाया।
शनिवार से शुरू होने वाली शीतकालीन पूजा के साथ आगामी छह माह तक बाबा केदारनाथ की नियमित आराधना ओंकारेश्वर मंदिर में होगी। इससे शीतकाल में भी श्रद्धालुओं को बाबा केदार के दर्शन का अवसर मिलेगा और ऊखीमठ सहित संपूर्ण केदारघाटी में धार्मिक गतिविधियां जारी रहेंगी।
इस अवसर पर राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, डॉ. केदार लिंग, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, शिव लिंग, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार सहित मंदिर समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।



