मंदाकिनी की आवाज 90.8 FM पर निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य शिविर संपन्न, 250 से अधिक लोगों ने कराया परीक्षण।
रुद्रप्रयाग। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदाकिनी की आवाज 90.8 FM सामुदायिक रेडियो स्टेशन में आयोजित विशाल निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन रेडियो स्टेशन की सहयोगी संस्था अगापे के सहयोग से किया गया। शिविर में 250 से अधिक लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां एवं चश्मे भी वितरित किए गए। आंखों, जोड़ों, कमर और घुटनों सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोगों को विशेष रूप से जांच एवं परामर्श की सुविधा मिली।
शिविर का विशेष आकर्षण जर्मनी से आए चिकित्सकों का दल रहा, जिसने क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों और मरीजों के बीच संवाद को आसान बनाने के लिए दुभाषियों की व्यवस्था भी की गई।
शिविर में पहुंचे लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं पर संतोष जताते हुए अगापे संस्था, मंदाकिनी की आवाज 90.8 FM और विदेशी चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने चिकित्सकों, दुभाषियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे।









