सुमाड़ी बाजार में रिहायशी मकान के बाथरूम में घुसा गुलदार, वन विभाग ने किया रेस्क्यू।
कुत्ते का पीछा करते हुए दूसरी मंजिल तक पहुंचा गुलदार, ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित निकाला; वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह।
रुद्रप्रयाग। पहाड़ी क्षेत्रों में मानव बस्तियों के आसपास वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही लोगों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है। ताजा मामला सुमाड़ी बाजार का है, जहां एक गुलदार कुत्ते का पीछा करते हुए रिहायशी मकान की दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में जा घुसा। दिनेश चंद्र थपलियाल के मकान में अचानक गुलदार दिखाई देने से परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सहायक उप वन संरक्षक डॉ. दिवाकर पंत ने बताया कि घटनास्थल पर पिंजरा लगाने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में गुलदार को सुरक्षित निकालने के लिए वैकल्पिक तरीका अपनाया गया। वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अभियान में सहायक उप वन संरक्षक डॉ. दिवाकर पंत, वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह नेगी उत्तरी जखोली व वन क्षेत्राधिकारी हरीश थपलियाल तथा वन आरक्षी आशीष सिंह, यसवंत सिंह कठैत, और क्यूआरटी टीम के रणवीर सिंह, शांति कोठारी व सुमन लाल शामिल रहे। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
आवारा कुते के बाथरूम में घुसने व दरवाजा बंद न होने के चलते गुलदार का घुसना व अचानक दरवाजा बंद होने के चलते गुलदार के कैद होने की घटना सामने आई है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि बाजारों और कस्बों में मांस की दुकानों से निकलने वाले अतिरिक्त मांस को आबादी से दूर जमीन में दबाया जाए। घरों के आसपास झाड़ियों की नियमित सफाई रखें तथा घास और चारा लेने जंगल जाते समय समूह में जाएं। डॉ. पंत ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए वन्यजीवों की संख्या का वैज्ञानिक आकलन और क्षेत्र की वहन क्षमता के अनुसार प्रबंधन जरूरी है।

