मयाली बाजार में जाम से लोग परेशान, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं का अभाव

मयाली बाजार की समस्या, मयाली पार्किंग व्यवस्था, रुद्रप्रयाग ट्रैफिक जाम, मयाली बाजार यातायात व्यवस्था, मयाली बाजार मूलभूत सुविधाएं, हरीश पुंडीर,
खबर शेयर करें:

 रामरतन सिंह पंवार

मयाली बाजार में जाम से आमजन हलकान, बदहाल यातायात व्यवस्था बनी परेशानी का सबब।

मयाली बाजार में जाम से आमजन हलकान, बदहाल यातायात व्यवस्था बनी परेशानी का सबब

पार्किंग खाली, फिर भी सड़क किनारे खड़े रहते हैं वाहन; सूखे पेड़ और क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के कारण पार्किंग का नहीं हो रहा उपयोग

मयाली (रुद्रप्रयाग)। मयाली बाजार में इन दिनों शादियों व इगास पर्व के कारण बढ़ती भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। बाजार में आए दिन लगने वाले जाम से स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बांगर, सिलगढ़, लस्या और बड़मा पट्टियों का प्रमुख व्यापारिक केंद्र होने के कारण मयाली बाजार में प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों की आवाजाही होती है। इसके बावजूद यहां यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार में सड़क के दोनों किनारों पर दोपहिया, निजी और टैक्सी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग जाम का प्रमुख कारण है। दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैलाने और मुख्य तिराहे पर वाहनों के खड़े रहने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। हैरानी की बात यह है कि बाजार से आगे निर्मित पार्किंग अक्सर खाली रहती है, लेकिन इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। पार्किंग के ऊपरी हिस्से में सूखे पेड़ और सुरक्षा दीवार के क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहन चालक वहां वाहन खड़े करने से कतराते हैं।

प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था संभालने के लिए होमगार्ड तैनात किए गए हैं, लेकिन उनके प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। वासुदेव टैक्सी यूनियन मयाली के अध्यक्ष हरीश पुंडीर का कहना है कि बाजार में स्थायी यातायात पुलिस की व्यवस्था होनी चाहिए। नियमित पुलिस निगरानी और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के बिना जाम की समस्या का समाधान संभव नहीं है।

मयाली बाजार केवल जाम की समस्या से ही नहीं, बल्कि अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव से भी जूझ रहा है। यहां निर्मित सार्वजनिक शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं है। शौचालय की पाइपलाइन पिछले दो वर्षों से क्षतिग्रस्त है। व्यापारियों द्वारा कई बार जिला प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

वहीं, बाजार में नालियों का अभाव भी व्यापारियों के लिए मुसीबत बना हुआ है। बरसात के दौरान पानी सड़क से बहते हुए दुकानों में घुस जाता है, जिससे सामान खराब होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से पार्किंग की सुरक्षा दीवार की मरम्मत, सूखे पेड़ों के निस्तारण, स्थायी यातायात व्यवस्था, नालियों के निर्माण और शौचालय में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

इस समस्या का समाधान टेक्सी यूनियन को भी करना होगा सिर्फ चयनित गाड़ियों को निश्चित स्थान पर सवारी भरने हेतु खड़ा करवाने की कार्यवाही करनी चाहिए। बाजार में खाली जगह मिलने से जाम की स्थिति से निजात मिलेगी। वही व्यापारियों को समान सड़क तक न फैलाया जाए का ध्यान रखना व लोकनिर्माण विभाग को मयाली गदेरे पर व गदेरे से तीनों तरफ जा रही सड़कों की मरोम्मत करवानी आवश्यक है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->