बांसबाड़ा-कंडारा मोटर मार्ग पर हुए हादसे में चार लोगों की मौत, छह घायल; मृतकों और घायलों की हुई शिनाख्त।
रांसी गांव के दो लोगों समेत चार की गई जान, छह घायलों में दो सामान्य घायल और चार हायर सेंटर रेफर।
पोखरी में शादी समारोह से लौट रहे थे सभी लोग, कंडारा हनुमान मंदिर के समीप हुआ हादसा।
रुद्रप्रयाग। बांसवाड़ा-कंडारा मोटर मार्ग पर वाहन संख्या UK 13 TA 1013 के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुए दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। हादसे में मृतकों और घायलों की शिनाख्त कर ली गई है। सभी मृतक और घायल रुद्रप्रयाग जनपद के निवासी बताए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अगस्त्यमुनि विकासखंड में कंडारा-बांसवाड़ा मोटर मार्ग पर मंगलवार रात करीब नौ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पोखरी में आयोजित शादी समारोह से लौट रहा मैक्स वाहन संख्या UK 13 TA 1013 कंडारा स्थित हनुमान मंदिर के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वालों में रांसी गांव निवासी कुंवर सिंह (60) पुत्र बच्चन सिंह और मदन सिंह (40) पुत्र मोहन सिंह शामिल हैं। इनके अलावा दैड़ा गांव निवासी सूरज सिंह (42) पुत्र भीम सिंह तथा गैड़ (बस्टी) गांव निवासी बलवीर सिंह पुत्र बिहारी सिंह की भी हादसे में मौत हुई है।
दो घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर
दुर्घटना में घायल उम्मेद सिंह राणा (52) पुत्र चंद्र सिंह राणा और राजेंद्र सिंह (56) पुत्र चंद्र सिंह, दोनों निवासी रांसी गांव, को सामान्य चोटें आई हैं। इनका उपचार स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।
चार घायलों को हायर सेंटर किया रेफर
हादसे में गंभीर रूप से घायल लविश राणा (25) पुत्र दिलीप सिंह राणा निवासी रांसी, वंशिका (8) पुत्री आशीष रावत निवासी कांथा, पूजा (34) पत्नी आशीष रावत निवासी कांथा तथा उर्मिला देवी (33) पत्नी भरत सिंह राणा निवासी चिलौंड को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही क्षेत्र के कई लोगों के इस हादसे का शिकार होने से ग्रामीणों में दुख का माहौल बना हुआ है।

