मयाली में श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ रामलीला का समापन, हनुमान की भक्ति ने मोहा दर्शकों का मन।
रतनमणि काला के निर्देशन में हुआ भव्य मंचन, राम दरबार के प्रसंगों के साथ कलाकारों को किया गया सम्मानित।
मयाली (रुद्रप्रयाग)। श्री आदर्श रामलीला कमेटी मयाली की ओर से आयोजित रामलीला का भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ भव्य समापन हो गया। अंतिम दिवस राम राज्याभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का मंचन किया गया। इस दौरान दर्शकों ने भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
लंका विजय के बाद भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने और राज्याभिषेक का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। राज्याभिषेक के उपरांत राम दरबार में उपस्थित सभी अतिथियों और सहयोगियों को यथोचित सम्मान देकर विदा किया जाने लगा। इसी दौरान हनुमान जी को मणियों की माला भेंट की गई। माला को देखकर हनुमान जी ने एक-एक मणि को तोड़कर उसमें प्रभु श्रीराम का नाम खोजने का प्रसंग प्रस्तुत किया।
जब उनसे मणियों को तोड़ने का कारण पूछा गया तो हनुमान जी ने भाव व्यक्त किया कि जिस वस्तु में मेरे आराध्य प्रभु श्रीराम का नाम नहीं, वह मेरे किसी काम की नहीं है। इस प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। हनुमान जी की अनन्य भक्ति और प्रभु श्रीराम के प्रति समर्पण का यह दृश्य रामलीला के अंतिम दिन विशेष आकर्षण बना।
रामहि केवल प्रेमु पिआरा।
जानि लेहु जो जाननिहारा॥
अर्थात भगवान श्रीराम को केवल निष्कपट प्रेम ही प्रिय है। सच्ची भक्ति का आधार धन, वैभव या आभूषण नहीं, बल्कि प्रभु के प्रति अटूट प्रेम और समर्पण है।
रामलीला का निर्देशन रतनमणि काला ने किया। समापन अवसर पर कमेटी अध्यक्ष दीपक सिंगवाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष सुमति काला, भानु काला, रेखा देवी, राकेश काला, पवन काला, अजय सकलानी, सरोज काला, राजेश्वरी नेगी, सुलोचना काला सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।



