मशरूम की खेती से खुलेंगे स्वरोजगार और सतत आजीविका के नए द्वार: विशेषज्ञ।
एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, 35 प्रतिभागी सीखेंगे उत्पादन से विपणन तक की तकनीक।
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग में सोमवार को पांच दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों, विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है। प्रशिक्षण में विभिन्न प्रदेशों के विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, किसान उद्यमियों और मशरूम उत्पादकों सहित कुल 35 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यक्रम संयोजक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. राजेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में मशरूम उत्पादन आजीविका का प्रभावी माध्यम बन सकता है। स्थानीय संसाधनों और क्षेत्रीय जलवायु के अनुरूप वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने गुच्छी (मोरेल) मशरूम की खेती की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि नवीन पटवाल ने अपने उद्यमशीलता के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी मशरूम उत्पादन यात्रा वर्ष 2007 में रुड़की से शुरू हुई थी। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने वर्ष 2016 तक अपने कारोबार का विस्तार लगभग चार एकड़ भूमि में किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्पॉन, वैज्ञानिक उत्पादन पद्धति, उचित पैकेजिंग, वितरण और प्रभावी विपणन मशरूम व्यवसाय की सफलता के प्रमुख आधार हैं।
कार्यक्रम अध्यक्ष वरिष्ठ प्रोफेसर नारायण सिंह पंवार ने मशरूम के संरक्षण, भंडारण और परिवहन में प्रसंस्करण तकनीकों की उपयोगिता बताई। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार मूल्य बढ़ाने के लिए सुखाने तथा वैक्यूम ड्राइंग जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण में ऑयस्टर, मिल्की, पिंक ऑयस्टर, शिटाके, किंग ऑयस्टर, स्ट्रॉ और गुच्छी मशरूम की उत्पादन तकनीकों के साथ सुखाने, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, प्रसंस्करण एवं विपणन की जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. यादव प्रसाद रैवनी, प्रो. एचबीएस चौहान, प्रो. अजित नेगी, प्रो. डीएस चौहान सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, विशेषज्ञ, शोधार्थी और प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सह-संयोजक डॉ. संतोष सिंह रावत, डॉ. अंकित सती, डॉ. रमेश चंद्र नौटियाल और डॉ. ऋषिका नेगी का विशेष सहयोग रहा।





