रुद्रप्रयाग सीट पर भाजपा के भीतर बढ़ी हलचल, टिकट की दावेदारी से गहराया घमासान।
तीसरी बार भरत सिंह चौधरी की दावेदारी पर उठने लगे सवाल, जखोली क्षेत्र की उपेक्षा का मुद्दा बना चुनौती; कमलेश उनियाल ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया है ऐलान।
रुद्रप्रयाग। विधानसभा चुनाव 2027 नजदीक आने के साथ ही रुद्रप्रयाग सीट पर भाजपा के भीतर टिकट को लेकर खींचतान तेज होती दिखाई दे रही है। मौजूदा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी की लगातार तीसरी बार दावेदारी को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष के स्वर उठने लगे हैं। इस बार टिकट की लड़ाई केवल चेहरे तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और जखोली क्षेत्र की उपेक्षा का मुद्दा भी राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने अब तक दावेदारी सामने नहीं रखी, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि भरत सिंह चौधरी उम्रदराज होने के चलते आगे चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने तीस वर्षों में पार्टी के सच्चे कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिलने और जखोली क्षेत्र की राजनीतिक उपेक्षा का सवाल उठाया। उनका कहना है कि कांग्रेस में जहां क्षेत्र से कई दावेदार सामने आते रहे हैं, वहीं भाजपा में जखोली क्षेत्र को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया।
दूसरी ओर, भाजपा नेता कमलेश उनियाल भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर पार्टी के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। ऐसे में भाजपा के लिए संभावित प्रत्याशियों के बीच संतुलन बनाना और असंतोष को थामना आसान नहीं होगा। जबकि कमलेश उनियाल लगातार क्षेत्र में अपनी उपस्थिति बनाये हुए हैं ओर क्षेत्र में इन्हें पहचान भी मिली है।
2027 के चुनाव से पहले जखोली क्षेत्र की उपेक्षा, स्थानीय कार्यकर्ताओं की नाराजगी और टिकट की दावेदारी भाजपा के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। यदि पार्टी के भीतर उठ रहे सवालों का समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो इसका लाभ कांग्रेस को मिल सकता है। रुद्रप्रयाग सीट पर टिकट का फैसला अब केवल चुनावी रणनीति नहीं, बल्कि क्षेत्रीय समीकरणों और संगठनात्मक एकजुटता की परीक्षा भी बनता जा रहा है।

