मानेन्द्र कुमार (पप्पू)-चोपता रुद्रप्रयाग।
नारी सम्मान के मुद्दे पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, रुद्रप्रयाग में राहुल गांधी का पुतला दहन।
महिला अस्मिता और स्वाभिमान के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने जताया आक्रोश, महिलाओं के सम्मान के प्रति जवाबदेही तय करने की उठाई मांग।
रुद्रप्रयाग, 12 अक्टूबर। महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और गरिमा के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने सोमवार को जनपद रुद्रप्रयाग में प्रदर्शन कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने नारी सम्मान के पक्ष में आवाज बुलंद करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में भाजपा पदाधिकारियों और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
जेएनयू (JNU) में यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद बर्खास्त किए गए प्रोफेसर और इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर कार्रवाई की मांग तथा राहुल गांधी द्वारा इस मामले में कोई सख्त कदम न उठाने का भाजपा द्वारा विरोध किया जा रहा है।
भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी राजनीतिक दल तक सीमित विषय नहीं, बल्कि समाज की गरिमा, संस्कार और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रश्न है। महिलाओं की अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को जिम्मेदारी के साथ आगे आना चाहिए। महिला मोर्चा की ओर से महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस नेतृत्व से अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग भी की गई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि नारी सम्मान के मुद्दे पर किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और गरिमा की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने की प्रतिबद्धता दोहराई। महिला मोर्चा ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े विषयों पर संगठन अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन जमलोकी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, महिला मोर्चा जिला महामंत्री अर्चना चमोली एवं सुषमा देवी, जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा, सरोज राणा, जयवर्धन कांडपाल, गंभीर बिष्ट, अमित मैखंडी, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष मधु भट्ट, बबीता रमोला, पुष्पा किमोठी, कलावती पुरोहित, कुशला मैठाणी, कंचन और वर्षा पंवार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महिला मोर्चा ने ‘नारी का अपमान नहीं सहेंगे, महिला सम्मान पर चुप्पी नहीं चलेगी’ का संदेश देते हुए महिलाओं की गरिमा और अधिकारों के संरक्षण के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।

