मयाली-तिलवाड़ा मोटरमार्ग पर पैचवर्क के कार्य पर सवाल, ग्रामीण नाराज

मयाली-तिलवाड़ा मोटरमार्ग, लोनिवि रुद्रप्रयांग, उत्तराखंड सड़क मरम्मत, मयाली तिलवाड़ा सड़क गड्डे,
खबर शेयर करें:

  

मयाली-तिलवाड़ा मोटरमार्ग पर पैचवर्क के कार्य पर उठे सवाल, गड्ढों में मिट्टी भरने से ग्रामीण नाराज।

मयाली-तिलवाड़ा मोटरमार्ग पर पैचवर्क के कार्य

बेनोली में जलभराव की समस्या का समाधान नहीं, ग्राम प्रधान और टैक्सी यूनियन अध्यक्ष ने उठाई स्थायी मरम्मत की मांग।

जखोली। मयाली-तिलवाड़ा मोटरमार्ग पर सड़क के गड्ढों को भरने के लिए किए जा रहे पैचवर्क की गुणवत्ता पर ग्रामीणों और टैक्सी यूनियन ने सवाल उठाए हैं। चारकोल मिश्रित बजरी से मरम्मत किए जाने के बावजूद कई स्थानों पर गड्ढे शेष रहने और उनमें मिट्टी डालकर समतल किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्राम प्रधान बेनोली सूर्यप्रकाश नौटियाल और श्री वासुदेव टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष हरीश सिंह पुंडीर ने कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए सड़क की उचित मरम्मत की मांग की है।

ग्राम प्रधान सूर्यप्रकाश नौटियाल ने कहा कि मोटरमार्ग पर जिन स्थानों पर पैचवर्क की अधिक आवश्यकता नहीं थी, वहां मरम्मत की गई, जबकि गड्ढों वाले हिस्सों में मिट्टी भरकर समतल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बेनोली गांव के बीच सड़क पर बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती है। विभाग को अवगत कराने के बावजूद संबंधित स्थान को ऊंचा नहीं किया गया। ऐसे में बारिश के दौरान राहगीरों और पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को फिर परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

टैक्सी यूनियन अध्यक्ष हरीश सिंह पुंडीर ने कहा कि मोटरमार्ग पर बार-बार पैचवर्क होने के बावजूद सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने पिछली बार ठंडे चारकोल से मरम्मत पर भी आपत्ति जताई थी। उनका कहना है कि इस बार भी जरूरत वाले स्थानों पर उचित मरम्मत नहीं की गई, जबकि अन्य हिस्सों में पैचवर्क किया गया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता की जांच और सड़क की वास्तविक स्थिति के अनुसार मरम्मत कराने की मांग की। वहीं, उम्मेद सिंह राणा और ग्राम प्रधान पवन सिंह राणा ने भी संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेकर बेनोली में जलभराव सहित सड़क की समस्याओं का स्थायी समाधान करने की अपेक्षा जताई है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->