सोनप्रयाग में 10 पेटी अवैध शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार।
रुद्रप्रयाग। अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनप्रयाग पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से 10 पेटी अवैध शराब बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान वाहन संख्या UK10-5758 (स्विफ्ट डिजायर) की तलाशी ली गई। तलाशी में कुल 10 पेटी शराब बरामद हुई, जिसमें 72 बोतल, 24 हाफ और 144 पव्वे शामिल बताए गए हैं।
पुलिस ने शराब परिवहन के आरोप में जयवीर सिंह पुत्र सतेसिंह, निवासी ग्राम ललूड़ी, जिला रुद्रप्रयाग को गिरफ्तार किया है। कोतवाली सोनप्रयाग में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त वाहन को सीज कर आवश्यक कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
केदारनाथ यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों में अवैध शराब की पहुंच को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चिंता जताई जाती रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को यात्रा क्षेत्र में अवैध शराब की आवाजाही पर अंकुश लगाने की दिशा में कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।


