रुद्रप्रयाग के तीन महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव का परिणाम, जखोली में सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन।
रुद्रप्रयाग। जिले के तीन राजकीय महाविद्यालयों में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हुई। राजकीय महाविद्यालय जखोली में अध्यक्ष समेत सभी छह पदों पर एनएसयूआई प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि राजकीय महाविद्यालय जवाड़ी में चार पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। वहीं गुप्तकाशी महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद अन्य पांच पदों पर मतदान और मतगणना हुई।
जखोली: राजकीय महाविद्यालय जखोली में अध्यक्ष पद पर सागर कुमार, उपाध्यक्ष आंचल, सचिव मानसी, सहसचिव समीक्षा, कोषाध्यक्ष शिवानी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर कल्पना निर्विरोध निर्वाचित हुईं। प्रभारी प्राचार्य डॉ. कपिल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यकारिणी के छह सदस्यों का भी मनोनयन किया गया। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने विजय जुलूस निकाला।
जवाड़ी: राजकीय महाविद्यालय जवाड़ी रुद्रप्रयाग में अध्यक्ष पद पर अर्जुन सिंह, उपाध्यक्ष कोमल, सचिव दुर्गा और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर प्रियांशु निर्विरोध निर्वाचित हुए। सहसचिव और छात्रा के लिए आरक्षित कोषाध्यक्ष पद पर किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया, जिससे दोनों पद रिक्त रह गए।
गुप्तकाशी: गंगाधर मैठाणी राजकीय महाविद्यालय गुप्तकाशी में अध्यक्ष पद पर महक पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी थीं। मंगलवार को अन्य पांच पदों के लिए हुए चुनाव में एबीवीपी समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. गंगा राम वैश्विक ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रभारी प्राचार्य डॉ. योगीशा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।





