कोठियाड़ा में जनता दरबार: ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई की समस्याएं उठाईं।
जखोली। ग्राम कोठियाड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों ने क्षेत्र की सड़क, विद्युत, पेयजल, विद्यालय और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता मोहनलाल आर्य ने कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरकार की ओर से इस तरह के जनता दरबार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
ग्रामीण चेता देवी ने मयाली-गुप्तकाशी मोटरमार्ग पर शिवालय गेट से डांडाधार तक नालियों का निर्माण प्राथमिकता से कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क पर नालियां नहीं होने के कारण बरसात का पानी आवासीय बस्तियों में पहुंच रहा है। ग्राम प्रधान पवन सिंह ने जखोली विद्युत सब स्टेशन के बाहर बांगर और लस्या क्षेत्र की विद्युत लाइनों पर टी-प्वाइंट बनाने की मांग रखी। उनका कहना था कि किसी एक क्षेत्र में विद्युत लाइन में खराबी आने पर पूरे क्षेत्र की बिजली प्रभावित होती है। टी-प्वाइंट बनने से इस समस्या को कम किया जा सकता है। उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोठियाड़ा की जीर्ण-शीर्ण छत का मामला भी उठाया और बताया कि विभाग को अवगत कराने के बावजूद अभी तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
ग्राम प्रधान ने जल जीवन मिशन की पौंणगाड़-पोणजोली-कोठियाड़ा पेयजल लाइन पर ग्राम बरसिर में टैंक से पहले दिए गए कथित अवैध कनेक्शन को हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिशासी अभियंता, जल निगम को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं सिंचाई विभाग की लस्तर-हिलाईं नहर पर वर्षभर चौकीदार की व्यवस्था करने और किसानों को पूरे वर्ष सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। ग्रामीणों ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सिंचाई की नियमित व्यवस्था आवश्यक है।
जनता दरबार में ग्राम विकास अधिकारी शीतल रावत, ग्राम पंचायत सचिव अनामिका, क्षेत्र पंचायत सदस्य शम्भू प्रसाद कोठारी, महिला मंगल दल अध्यक्ष तनुजा देवी, पुरुषोत्तम शाह, विक्रम सिंह, मोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


