जखोली में दो माह से 500 मीटर गहरी खाई में पड़ा दुर्घटनाग्रस्त वाहन, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

जखोली कुरछोला चोपड़ा सड़क हादसा, जखोली समाचार, उत्तराखण्ड समाचार, रुद्रप्रयाग सड़क हादसा
खबर शेयर करें:

 

दो माह बाद भी 500 मीटर गहरी खाई में पड़ा दुर्घटनाग्रस्त वाहन।

जखोली। विकासखंड जखोली के कुरछोला–चोपड़ा मोटर मार्ग पर करीब दो माह पूर्व दुर्घटनाग्रस्त हुआ वाहन अब तक खाई से नहीं निकाला जा सका है। वाहन के लंबे समय से खाई में पड़े रहने को लेकर स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे जल्द हटाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार 28 जुलाई 2026 की शाम करीब सात बजे कुरछोला–चोपड़ा मोटर मार्ग पर मुन्यासौड़ नामक तोक के पास वाहन संख्या UK13TA 2284 अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन चोपड़ा से सवारियां उतारकर कुरछोला लौट रहा था।

वाहन चालक राकेश सिंह पुत्र नारायण सिंह के अनुसार सड़क पर अचानक जंगली जानवर आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ। उन्होंने बताया कि वाहन के सड़क से नीचे गिरने से ठीक पहले उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शी अजय सिंह, अमर सिंह और राकेश सिंह ने बताया कि वे घटना के समय दुर्घटनास्थल के पास पैदल गुजर रहे थे और उन्होंने वाहन को खाई में गिरते हुए देखा।

वाहन स्वामी कुशाल सिंह पुत्र अमर सिंह, निवासी कुरछोला ने बताया कि वह बीमारी के उपचार के लिए दिल्ली गए थे। उनकी तबीयत खराब होने के कारण दुर्घटना की सूचना उन्हें तत्काल नहीं मिल सकी। उनके अनुसार इसी वजह से वाहन को खाई से निकालने में देरी हुई।

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को शीघ्र खाई से बाहर निकालने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को लंबे समय तक खाई में छोड़ना सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->