भरदार पुल के निर्माण को लेकर उग्र आंदोलन की तैयारी, 17 को डीएम कार्यालय घेरेंगे ग्रामीण।
पश्चिम भरदार (रुद्रप्रयाग): क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क एवं पुल की मांग को लेकर पश्चिम भरदार संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक ग्राम सभा कफना (थापली) में आयोजित की गई। प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष अजय पुंडीर की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में क्षेत्रीय जनता ने सेमलता–कफना–डुंगरा (भरदारी पुल) के शीघ्र निर्माण को लेकर रणनीति तैयार की। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि यह पुल पश्चिम भरदार की जनता के लिए जीवनरेखा समान है और इसके निर्माण में अब किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। मांग को लेकर समिति ने तीन मुख्य प्रस्ताव पारित किए। इसके तहत मंगलवार से सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक 'भरदार समर्थन यात्रा' निकालकर जन-जागरण किया जाएगा। वहीं, आगामी 17 तारीख को बड़ी संख्या में ग्रामीण रुद्रप्रयाग स्थित जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे। समिति ने स्पष्ट किया कि यदि 17 तारीख को शासन से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिलता, तो अगले ही दिन से कलेक्ट्रेट परिसर में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया जाएगा। बैठक में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


