मुंबई से उत्तराखंड आ रहे रुद्रप्रयाग के अर्जुन सिंह ट्रेन यात्रा के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता, बैग मिला पंजाब में।
रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग की तहसील जखोली अंतर्गत ग्राम कुरछोला निवासी अर्जुन सिंह, पुत्र स्वर्गीय रणजीत सिंह, मुंबई से अपने घर लौटते समय ट्रेन यात्रा के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे गत 3 अगस्त 2026 को मुंबई स्थित बांद्रा रेलवे स्टेशन से सायं लगभग 06:45 बजे गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या–12903) द्वारा सहारनपुर के लिए रवाना हुए थे। हालांकि, कई दिन बीत जाने के बाद भी वे न तो अपने गंतव्य पहुंचे और न ही उनका कोई सुराग मिल पाया है।
पूर्व जेष्ठ प्रमुख जखोली नागेन्द्र सिंह पंवार ने कहा कि परिजनों को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी है कि अर्जुन सिंह का बैग पंजाब के अमृतसर में बरामद हुआ है। इस सूचना के बाद से ही पीड़ित परिवार किसी अनहोनी की आशंका से गहराते तनाव और चिंता में है। परिजनों ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार शीघ्र पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश की पुलिस एजेंसियों के साथ त्वरित समन्वय स्थापित कर अर्जुन सिंह की जल्द से जल्द खोजबीन व सकुशल बरामदगी के लिए ठोस कार्रवाई की जाए।


