रुद्रप्रयाग के बावई और मयकोटी में 'विलेज लीगल एड क्लीनिक' शुरू; वन महोत्सव पर हुआ पौधारोपण।
रुद्रप्रयाग, 4 जुलाई (2026): उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशन एवं जिला न्यायाधीश के मार्गदर्शन में शनिवार को जनपद के ग्राम पंचायत बावई और मयकोटी में 'विलेज लीगल एड क्लीनिकों' की स्थापना की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की सचिव पायल सिंह ने फीता काटकर इन क्लीनिकों का विधिवत उद्घाटन किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले आम नागरिकों को उनके घर के समीप ही निःशुल्क, त्वरित और सुलभ विधिक सहायता व परामर्श उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर दोनों ग्राम पंचायतों में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविरों का भी आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को नालसा (NALSA) की 'गरीबी उन्मूलन योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन, 2015' की विशेष जानकारी दी गई। सचिव पायल सिंह ने बताया कि इन क्लीनिकों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को लोक अदालत, मध्यस्थता, प्री-लिटिगेशन स्तर पर विवादों के समाधान सहित केंद्र व राज्य सरकार की आयुष्मान भारत, पीएम आवास, मनरेगा और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद की जाएगी। इन केंद्रों पर तैनात पराविधिक स्वयंसेवक (PLVs) ग्रामीणों को भूमि, राजस्व, महिला व बाल अधिकार, साइबर अपराध और घरेलू हिंसा जैसे मामलों में आवश्यक मार्गदर्शन व दस्तावेजीकरण में सहयोग करेंगे।
बावई क्लीनिक से बोरा, कुंडा दानकोट सहित 10 गांवों तथा मयकोटी क्लीनिक से बमोली, बर्सिल, चामक सहित करीब 10 गांवों के लोग लाभांवित होंगे। इस दौरान वर्तमान में चल रहे 'वन महोत्सव सप्ताह' के तहत दोनों पंचायतों में व्यापक पौधारोपण भी किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण हेतु बांज, पांगर, पदम, त्रिलोच और पुतली जैसी स्थानीय प्रजातियों के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी, रिटेनर अधिवक्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



