फोटो खिंचवाकर मशीन हटाने का आरोप: गढ़ीधार-ढुंग सड़क पर फूटा जनता का गुस्सा।
जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल संग धरने पर बैठे ग्रामीण।
रुद्रप्रयाग। पिछले 16 दिनों से बंद पड़ी गढ़ीधार-ढुंग सड़क को खुलवाने और इसे लोनिवि में हस्तांतरित करने की मांग को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मार्ग खोलने की गुहार लगाई थी। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद विभाग ने काम शुरू होने की तस्वीरें और वीडियो जारी कर दिए।
हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने जिलाधिकारी के आदेशों का पालन करने के बजाय महज औपचारिकता निभाई। मौके पर मशीन भेजकर महज 15 मिनट काम का नाटक किया गया और फोटो खिंचवाकर उच्चाधिकारियों को भेजने के तुरंत बाद मशीन हटा ली गई। इस छलावे से नाराज जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ग्रामीणों के साथ खुद सड़क पर धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों ने एनपीसीसी और संबंधित विभाग पर भारी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक सड़क पूरी तरह से यातायात के लिए चालू नहीं हो जाती और इसे स्थायी समाधान हेतु PMGSY या PWD को हस्तांतरित नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जयवर्धन काण्डपाल ने स्पष्ट किया कि अब क्षेत्र की जनता केवल आश्वासनों से गुमराह होने वाली नहीं है और अपने हक के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। सड़क बंद होने से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और ग्रामीणों ने लीपापोती करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



