विकासखण्ड जखोली में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का जनता दरबार, मौके पर निपटाए कई मामले।
रुद्रप्रयाग। जनपद के प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में विकासखण्ड जखोली मुख्यालय प्रांगण में एक भव्य 'जनता दरबार' का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने कुल 40 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 30 जनसमस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कार्यक्रम में विधायक भरत सिंह चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली और मुख्य विकास अधिकारी सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी व भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। जनता दरबार में मुख्य रूप से पेयजल, जर्जर सड़कें, बिजली, जंगली जानवरों का आतंक और स्कूलों में शिक्षकों की कमी के मुद्दे छाए रहे।
सुनवाई के दौरान थापली गाँव के सम्पूर्णानन्द सेमवाल ने वर्ष 2016 से लंबित सड़क मार्ग का मामला उठाया, जिस पर वन विभाग ने जल्द स्थिति स्पष्ट करने का भरोसा दिया। वहीं, हिलाईं नदी में पानी की कमी और बजीरा तक टूटी नहर का मुद्दा उठने पर सिंचाई विभाग ने 15 दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने की बात कही। ग्राम बरसिर की पेयजल किल्लत पर जल निगम ने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त, आपदा प्रभावित मीना देवी ने कृषि व मछली पालन टैंक क्षतिग्रस्त होने की समस्या रखी, जिस पर लघु सिंचाई विभाग को उचित कार्यवाही के निर्देश दिए गए। मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग को वैकल्पिक मार्ग घोषित करने की मांग पर प्रभारी मंत्री ने सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को दो टूक कहा कि वे जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुँचाएं।







