जिला भेषज एवं सहकारी विकास संघ के चुनाव संपन्न, आरती रावत अध्यक्ष और कपूर सिंह निर्विरोध चुने गए उपाध्यक्ष।
रुद्रप्रयाग। जिला भेषज एवं सहकारी विकास संघ लिमिटेड रुद्रप्रयाग के प्रबंध कमेटी के बहुप्रतीक्षित चुनाव बुधवार को हर्षोल्लास और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो गए। सुमाड़ी स्थित संघ मुख्यालय में जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी में आयोजित इस चुनावी प्रक्रिया में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों का चयन सर्वसम्मति से निर्विरोध रूप से किया गया।
निर्वाचन अधिकारी और जिला उद्योग केंद्र रुद्रप्रयाग के महाप्रबंधक श्री मोहन प्रकाश की देखरेख में संपन्न हुए इस चुनाव में शीर्ष पदों पर सर्वसम्मति देखने को मिली। संघ के सर्वोच्च पद यानी अध्यक्ष पद पर श्रीमती आरती रावत को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया, जबकि उपाध्यक्ष पद की कमान श्री कपूर सिंह रावत को सौंपी गई है। इसके साथ ही निदेशक (डायरेक्टर) मंडल के लिए श्री कृष्णा नंद डिमरी, श्री दीपक सिलोड़ी, श्री जगदम्बा बेंजवाल एवं श्री मदन लाल निर्विरोध डायरेक्टर चुने गए।
इससे पूर्व, शुरुआती चरण में कुल 6 डायरेक्टरों का चयन निर्विरोध हुआ था, जबकि रुद्रप्रयाग वार्ड के एकल पद के लिए श्री अनूप सेमवाल और श्री प्रदीप मलासी के बीच मुकाबला देखने को मिला। मतदान के बाद हुई मतगणना में श्री अनूप सेमवाल ने जीत दर्ज की और वे भी डायरेक्टर के रूप में बोर्ड में शामिल हुए।
शीर्ष प्रबंधन के अलावा, जिला सहकारी बैंक चमोली, जिला सहकारी बैंक टिहरी, उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक हल्द्वानी, उत्तराखंड राज्य विपणन सहकारी संघ देहरादून तथा उत्तराखण्ड उपभोक्ता सहकारी संघ देहरादून के लिए भी तय मानकों के अनुसार प्रतिनिधियों का चुनाव निर्विरोध संपन्न कराया गया। जिला प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सहकारी बंधुओं के आपसी सहयोग से पूरी चुनावी प्रक्रिया बेहद शांतिपूर्ण, पारदर्शी और धूमधाम के साथ संपन्न हुई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सभी सहयोगियों ने बधाई दी है।




