मखेत गदेरे पर बनी सीसी पुलिया क्षतिग्रस्त।
आधा दर्जन गांवों का संपर्क कटने का खतरा।
जखोली - विकासखंड जखोली के अंतर्गत ग्राम पंचायत मखेत स्थित गदेरे पर बनी पैदल सीसी पुलिया का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिया की जर्जर स्थिति के कारण क्षेत्रवासियों और स्कूली बच्चों की आवाजाही गंभीर रूप से प्रभावित हो गई है, जिससे ग्रामीणों में किसी अनहोनी को लेकर गहरा आक्रोश और चिंता व्याप्त है।
बीते वर्ष भारी बारिश के दौरान इस पैदल पुलिया की निचली सुरक्षा दीवार ढह गई थी। उस समय ग्रामीणों ने जखोली तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अविलंब सुधारीकरण की गुहार लगाई थी। आरोप है कि एक साल का लंबा समय बीत जाने के बावजूद शासन-प्रशासन ने पुलिया की कोई सुध नहीं ली। इस वर्ष मानसून की मूसलाधार बारिश से पुलिया की नींव और अधिक खस्ताहाल हो चुकी है, जो अब कभी भी जमींदोज हो सकती है।
यह पुलिया मखेत, घरड़ा, कोटी, धान्यों और महरगांव को आपस में जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है। इसी मार्ग से रोजाना दर्जनों बच्चे जान जोखिम में डालकर स्कूल आते-जाते हैं। घरड़ा की ग्राम प्रधान राजेश्वरी देवी, मखेत की ग्राम प्रधान रेखा बुटोला, सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह बुटोला और पूर्व प्रधान आषाढ़ सिंह राणा ने बताया कि यदि पुलिया ध्वस्त हुई तो इन सभी गांवों का संपर्क पूरी तरह कट जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया का तत्काल निरीक्षण कर इसके जीर्णोद्धार या नवनिर्माण की कार्रवाई शुरू की जाए, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे को रोका जा सके।
वही उपजिलाधिकारी जखोली ने कहा कि मौके पर निरीक्षण हेतु भेजा जाएगा।


