पारिवारिक कलह के चलते हेड कांस्टेबल ने की खुदकुशी, कार्बाइन से दागीं गोलियां।
हृदयविदारक घटना ने समाज में बढ़ते मानसिक तनाव और बिखरते पारिवारिक रिश्तों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देहरादून: डोईवाला के रानीपोखरी थाना क्षेत्र के नागाघेर में रविवार को उत्तराखंड पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने पारिवारिक कलह से तंग आकर अपनी सरकारी कार्बाइन से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जौली ग्रांट एयरपोर्ट पर गार्ड ड्यूटी में तैनात सुनील (49 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना रविवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को मिली। लहूलुहान हालत में हेड कांस्टेबल को तत्काल हिमालयन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फोरेंसिक टीम और पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मौके पर करीब 7 से 8 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें से तीन गोलियां सुनील को लगीं। प्रथम दृष्टया घटना की मुख्य वजह गहरा पारिवारिक विवाद सामने आ रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना ने समाज में बढ़ते मानसिक तनाव और बिखरते पारिवारिक रिश्तों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


