फिल्म 'मैदान' का पोस्टर लॉन्च।
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने क्रीयोबस एकेडमी की प्रतिभाओं को सराहा।
देहरादून- राजधानी देहरादून के प्रेस क्लब में बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मैदान’ के पोस्टर लॉन्च का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने फिल्म का पोस्टर जारी करने के साथ ही क्रीयोबस क्रिएटिव एकेडमी के संचालक वीर विजय चौहान और प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया। कैबिनेट मंत्री ने युवाओं के इस प्रयास को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण क्रीयोबस एकेडमी के छात्रों द्वारा तैयार किए गए पोस्टर रहे, जो उनकी कड़ी मेहनत, रचनात्मकता और कला के प्रति समर्पण को दर्शा रहे थे। इस मौके पर एकेडमी के डायरेक्टर वीर विजय सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि को पवित्र ग्रंथ 'श्रीमद भगवत गीता' भेंट कर उनका स्वागत किया। समारोह में आयुषी नेगी, ध्रुव बिष्ट, नवनीत राणा, आयुष पंवार, ईशांक वर्मा, योगराज रावत, कृष चौहान, अंकित भंडारी और ऋतिक गुसाईं सहित कई उभरते कलाकारों को उनकी उपलब्धि के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विशेष रूप से एकेडमी के छात्र नरेश कुमार प्रजापति की सराहना की गई, जो वर्तमान में प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के कार्यालय में ग्राफिक डिजाइनर और वीडियो एडिटर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
फिल्म 'मैदान' की बात करें तो यह पवन बुटोला और सचिन भंडारी के जीवन पर आधारित है, जिसे जल्द ही सचिन रावत के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म के निर्माण में निर्देशक सचिन रावत, फोटोग्राफर सौरभ पंवार, संगीतकार अमन उनियाल और संपादन टीम में सूरज व सौरभ पंवार ने मुख्य भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में उत्तराखंड के वरिष्ठ कलाकार बलदेव राणा और सुप्रसिद्ध निर्देशक सुनील बडोनी ने भी शिरकत की और छात्रों के कार्यों को तकनीकी व रचनात्मक दृष्टि से उत्कृष्ट बताया।
एकाडमी के डायरेक्टर वीर विजय चौहान ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य न केवल फिल्म का प्रचार करना था, बल्कि स्थानीय युवाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना था जहाँ उनकी प्रतिभा को पहचान मिल सके। उन्होंने दोहराया कि क्रीयोबस एकेडमी अपने छात्रों को व्यावहारिक अनुभव और प्रोफेशनल एक्सपोजर देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कला प्रेमी और फिल्म जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।


