40 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए उप वन क्षेत्राधिकारी किशोर चंद्र नैनवाल।
रुद्रप्रयाग। वन विभाग में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करने वाले उप वन क्षेत्राधिकारी (दक्षिणी रेंज जखोली) किशोर चंद्र नैनवाल 40 वर्ष, 2 माह और 14 दिन की लंबी सेवा के बाद शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में जखोली रेंज कार्यालय में एक भव्य एवं भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी।
वर्ष 1985 में श्रीनगर जलागम प्रबंध परियोजना से वन रक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले नैनवाल ने अपनी कार्यशैली और शालीन व्यवहार से विभाग में एक विशिष्ट पहचान बनाई। समारोह को संबोधित करते हुए भावुक स्वर में नैनवाल ने अपनी सेवा यात्रा की खट्टी-मीठी यादें साझा कीं। उन्होंने युवा कर्मियों को सीख देते हुए कहा कि ईमानदारी, जोश और कर्तव्यनिष्ठा ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने नई पीढ़ी से पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित रहने का आह्वान भी किया।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उप प्रभागीय वनाधिकारी दिवाकर पंत, हरीश थपलियाल वनक्षेत्राधिकारी दक्षिणी जखोली और सुरेंद्र नेगी वनक्षेत्राधिकारी उत्तरी जखोली ने उनके योगदान की जमकर सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि नैनवाल की कार्यकुशलता और सादगी विभाग के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत रहेगी। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी, वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी प्रसाद डिमरी व भगत चौहान, ग्राम प्रधान पूजा देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष संतोषी राणा, बीरेंद्र पंवार, राकेश भट्ट और राजेश चमोली सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर उनके सुखद भविष्य और लंबी आयु की कामना की।


