मयाली बाजार में क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन बदलने की मांग, दूषित पानी का खतरा।
नालियों के ऊपर से गुजर रही पुरानी पाइपलाइन हटाकर सुरक्षित स्थान पर नई लाइन बिछाने की उठाई मांग।
मयाली (रुद्रप्रयाग)। चारधाम यात्रा मार्ग के प्रमुख बाजार मयाली में क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन को बदलने की मांग उठने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2008-09 में सड़क किनारे खुली नालियों के ऊपर बिछाई गई पेयजल लाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे दूषित पानी पेयजल पाइपों में रिसने की आशंका बनी हुई है।
करीब 16-17 वर्ष पुरानी पाइपलाइन पर वाहनों की आवाजाही और लगातार भार पड़ने से कई स्थानों पर नुकसान हुआ है। लोगों ने नालियों के ऊपर से गुजर रही पुरानी लाइन हटाकर सुरक्षित स्थान पर नई पाइपलाइन बिछाने की मांग की है।
पेयजल उपभोक्ता ललित मोहन काला ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत कार्य के दौरान पुरानी लाइन हटाकर नई पाइपलाइन नालियों से बाहर बिछाने का अनुरोध किया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्राम प्रधान रजनी देवी ने कहा कि मयाली बाजार 100 से अधिक गांवों का व्यापारिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। ऐसे में पेयजल की गुणवत्ता से लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।
पुरुषोत्तम दत्त काला, प्रेम कोठारी, पवन काला, असाड़ सिंह रावत और राजेंद्र सिंह बुटोला ने कहा कि इसी लाइन से घरों, सार्वजनिक नलों और बाजार के शौचालयों में पानी पहुंचता है। उन्होंने सार्वजनिक टैंक से लगातार पानी बहने पर बर्बादी रोकने की मांग भी की।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रुद्रप्रयाग ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

