मयाली-जखोली मोटरमार्ग पर दुर्घटना का खतरा, रेलिंग के नीचे से बह गई मिट्टी।
जल निकासी की बदहाल व्यवस्था से सड़क किनारे सुरक्षा दीवार और स्टील रेलिंग को खतरा, लोक निर्माण विभाग से कार्रवाई की मांग।
जखोली- मयाली-जखोली मोटरमार्ग पर निरंकारी सत्संग भवन से करीब 100 मीटर आगे सड़क किनारे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। बरसात के दौरान अनियंत्रित जल निकासी के कारण सड़क सुरक्षा के लिए लगाई गई स्टील रेलिंग के गार्डर के नीचे की मिट्टी बह गई है। इससे रेलिंग का आधार कमजोर हो गया है और इस स्थान पर कभी भी वाहन दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
वासुदेव टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष हरीश सिंह पुंडीर ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग को कई बार अवगत कराया गया है। उन्होंने मयाली इंटर कॉलेज से मयाली बाजार तक नालियों का निर्माण कराने और पुराने कॉजवे को खोलने की मांग की, लेकिन विभागीय स्तर पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि संबंधित स्थान पर सड़क काफी संकरी है। मोड़ होने के कारण दूर से सड़क का क्षतिग्रस्त हिस्सा दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। वही इस स्थान पर विभाग द्वारा कोई चेतावनी बोर्ड तक नही लगाया है।
उन्होंने बताया कि बरसात में नालियों के अभाव में मयाली से करीब डेढ़ किलोमीटर ऊपर जंगल क्षेत्र का पानी सीधे बाजार की ओर बहता है। सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी के लिए बनाए गए स्कपर भी जगह-जगह बंद पड़े हैं। मोटरमार्ग पर तीव्र ढाल और मोड़ों के आसपास पानी के तेज बहाव से गहरे गड्ढे बन गए हैं।
जल निकासी की अव्यवस्था से मयाली बाजार की पार्किंग को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं बाजार में गाद जमा होने और दुकानों में बरसाती पानी घुसने से व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संजीव सैनी ने कहा कि संबंधित स्थान का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। सुरेन्द्र दत्त सकलानी उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी, उम्मेद सिंह राणा, दिगपाल सिंह नेगी ने विभाग से शीघ्र नालियों की सफाई, बंद स्कपर खोलने और क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित करने की मांग की है।

