सूर्यप्रयाग घाट पर एक साथ जली तीन चिताएं, क्षेत्र में पसरा मातम।
रुद्रप्रयाग। जखोली क्षेत्र में कुरछोला से जखनोली जा रही बारात का वाहन मूल्या कुरछोला व अर्जुन मोड़ के बीच घ्वेड़धार में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में चालक विजय सिंह पंवार, बसन्ती देवी और सुनीता देवी की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। सोमवार को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में पोस्टमार्टम के बाद सूर्यप्रयाग घाट पर तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ जलती तीन चिताओं को देखकर घाट पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नागेंद्र पंवार ने कहा कि दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग बीडीसी बैठक, जनता दरबार और तहसील दिवस में उठाई गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मयाली-गुप्तकाशी मोटरमार्ग पर संवेदनशील स्थानों पर स्टील रेलिंग लगाने और क्षतिग्रस्त पुश्तों की मरम्मत की मांग की।
जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने बताया कि इस स्थान पर पहले भी मोटरसाइकिल दुर्घटना हो चुकी है। विभाग को ग्रामीण सड़कों पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने चाहिए।
बसन्ती देवी के चार और सुनीता देवी के तीन बच्चे हैं। दोनों की एक साथ जलती चिताओं ने परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। अंतिम संस्कार में दीपक पंवार, अर्जुन सिंह गहरवार, ओमप्रकाश बहुगुणा, नरेश भट्ट सहित कुरछोला व तैला के ग्रामीण मौजूद रहे।

